चंडीगढ़ नगर निगम में नए मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव 29 जनवरी को होगा। तीन दशक में पहली बार मेयर का चुनाव पर्ची से नहीं बल्कि हाथ उठाकर कराया जाएगा। इस फैसले से क्रॉस वोटिंग की संभावनाओं पर पूरी तरह अंकुश लग जाएगा। उपायुक्त (डीसी) निशांत यादव ने नगर निगम मुख्यालय का दौरा कर चुनाव की औपचारिक घोषणा की और असेंबली हॉल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मेयर चुनाव की पूरी प्रक्रिया की लगातार वीडियोग्राफी कराई जाएगी। वीडियो रिकॉर्ड में किसी भी प्रकार की एडिटिंग नहीं होगी और इसे कम से कम 90 दिन तक सुरक्षित रखा जाएगा। सीमित स्तर पर मीडिया कवरेज और लाइव प्रसारण की भी अनुमति दी जाएगी। 29 जनवरी को होने वाली चुनावी बैठक के लिए पार्षद डॉ. रमनीक सिंह बेदी को पीठासीन प्राधिकारी नियुक्त किया गया है, जो पूरी प्रक्रिया का संचालन करेंगे।


