चंडीगढ़। शहर में ठंड ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को घने कोहरे और शीतलहर के चलते दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हो सके, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। अधिकतम तापमान में पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और पारा 13 डिग्री सेल्सियस पर सिमट गया, जबकि न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री रहा। यह दिन मौजूदा सीजन का अब तक का सबसे ठंडा दिन साबित हुआ।
मौसम विभाग ने शनिवार को शीतलहर और घने कोहरे को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि इसके बाद अगले दो दिनों के लिए आरेंज अलर्ट रहेगा। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं। शनिवार को अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह और देर रात दृश्यता बेहद कम रह सकती है, जिससे यातायात प्रभावित होने की आशंका है।


